देहरादून की साइंस सिटी बनेगी विज्ञान और रिसर्च का बड़ा केंद्र, बोले सीएम धामी

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) परिसर में निर्माणाधीन साइंस सिटी परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति (STIP) परिसंवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में बन रही साइंस सिटी का निर्माण तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में यह केंद्र उत्तराखंड ही नहीं….बल्कि देशभर के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के लिए विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख संस्थान बनेगा। उन्होंने कहा कि यहां युवाओं को आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक संसाधनों का लाभ मिलेगा ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘विज्ञान वाणी’ (88.8 मेगाहर्ट्ज), ‘विज्ञान दृश्यम’ और ‘विज्ञान धारा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इन माध्यमों से विज्ञान और तकनीक से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री ने हरेला सप्ताह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।उन्होंने कहा कि आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड सरकार भी इन आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, डिजिटल लाइब्रेरी, स्टेम लैब, लैब्स ऑन व्हील्स और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही यूकॉस्ट परिसर में स्टार्टअप सेंटर विकसित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

Ad
Ad Ad