संविधान दिवस पर पीएम श्री वी.एम.जे.एस. राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

Ad
ख़बर शेयर करें

मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान और मौलिक कर्तव्यों के पालन का संदेश दिया

बागेश्वर, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ के तत्वावधान में जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरेश कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान देश का सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक दस्तावेज है, जिसके अनुसार पूरे देश का शासन संचालित होता है। संविधान हमारे अधिकारों की रक्षा करने के साथ ही जीवन में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। संविधान प्रत्येक नागरिक और संस्था के दायित्वों का निर्धारण करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को संविधान का सम्मान करते हुए उसके अनुरूप आचरण करना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश का संचालन भारतीय संविधान के अनुरूप होता है, उसी प्रकार प्रत्येक संस्था का भी अपना एक संविधान और निर्धारित कार्यप्रणाली होती है। हमें देश के संविधान के साथ-साथ विद्यालय के नियमों एवं अनुशासन का भी पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार टम्टा ने भारतीय संविधान के निर्माण, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं उसकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकृत किए जाने के साथ करोड़ों भारतीयों के स्वतंत्र, समानतापूर्ण और न्यायपूर्ण समाज के सपने को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण देश में विभिन्न धर्मों, जातियों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोगों को एक सूत्र में बांधकर रखना एक बड़ी चुनौती थी। संविधान निर्माताओं ने इस चुनौती को समझते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को स्थापित किया। आज भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। संविधान सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार एवं अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के परिणाम निम्नवत रहे।

भाषण प्रतियोगिता

  1. प्रथम स्थान – अंजली मेर, राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर।
  2. द्वितीय स्थान – कविता, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशानी।
  3. तृतीय स्थान – हिमांशी मेहता, गायत्री विद्या मंदिर बागेश्वर।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता

  1. प्रथम स्थान – दर्शन दानू, गायत्री विद्या मंदिर बागेश्वर।
  2. द्वितीय स्थान – निर्जला चौहान, राजकीय इंटर कॉलेज बनलेख।
  3. तृतीय स्थान – कमलेश सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैशाली।

कार्यक्रम में राजेश कुमार आगरी,गिरीश रावत, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश राम, दीक्षा दानू, हेमलता लोहनी, कमल किशोर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान तथा लोकतांत्रिक चेतना का विकास करना रहा।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad