उत्तराखंड-(बिग न्यूज) सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण ,व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा…

Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी- जिलाधिकारी बोले हम अपने बच्चों को ऐसे बेड में रखेंगे

विंटर में रोगी और तीमारदारों को ठंड लग जाएगी फिर क्या होगा

प्रदेश का नामचीन अस्पताल है लोग दूर दराज से आते हैं

मरीज को उस हिसाब से सुविधाएं भी मिलनी चाहिए

सभी डॉक्टर बाहर की दवा लिखना बिल्कुल बंद करें।

हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान रेन बसेरे की खराब व्यवस्था और परिसर में गंदगी देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना और उनसे मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों की परेशानियों को भी समझा। निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे।

रेन बसेरे की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कहा कि सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में यदि मरीजों और उनके तीमारदारों को उचित सुविधाएं नहीं मिलेंगी तो उन्हें ठंड में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? विंटर में मरीज और तीमारदारों को ठंड लग जाएगी, फिर क्या होगा?”
जिलाधिकारी ने कहा कि सुशीला तिवारी अस्पताल प्रदेश का नामचीन चिकित्सा संस्थान है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से लोग बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल में मरीजों को उसी स्तर की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई, रेन बसेरे, वार्डों और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को बाहर से दवाइयां लिखने की शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डॉक्टर मरीजों को बाहर से दवाइयां लिखना पूरी तरह बंद करें और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं दवाइयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें।

डीएम ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad