हल्द्वानी: गर्दन के दर्द का इलाज पड़ा भारी, मालिश के बाद गर्दन में दिया झटका, महिला की मौत

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के हल्द्वानी में गर्दन के दर्द का इलाज कराने हकीम के पास पहुंची एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मालिश के बाद हकीम ने महिला की गर्दन को जोर से हिलाया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चार-पांच महीने से गर्दन में था दर्द
बताया गया कि पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहकर निजी नौकरी करते हैं। उनके अनुसार, उनकी पत्नी मीनाक्षी पिछले चार-पांच महीनों से गर्दन के दर्द से परेशान थीं और उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।शनिवार को कुछ लोगों की सलाह पर रामचंद्र अपनी पत्नी को इलाज के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के पास लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, हकीम ने पहले मीनाक्षी की गर्दन की मालिश की और इसके बाद उनकी गर्दन को जोर से हिलाया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद मीनाक्षी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया
महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय तथ्यों और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad