उत्तराखंड: सृष्टि कंडारी मौत मामले में पति और ननद गिरफ्तार
देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस अपने साथ ले गई। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई थी। टीम ने शिकायत, गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने 29 जुलाई को डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया।शिकायत में यह भी कहा गया कि पति, सास और ननद की प्रताड़ना के कारण सृष्टि की मौत हुई। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस को एक वीडियो भी मिला…जिसे मृतका की मां ने उपलब्ध कराया। पुलिस के अनुसार, वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।जांच के आधार पर पुलिस ने सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को हर्रावाला स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

