आगामी त्योहारों के दृष्टिगत बागेश्वर पुलिस की बड़ी पहल नगर क्षेत्र में चला यातायात जागरूकता अभियान,
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत बागेश्वर पुलिस की बड़ी पहल; एसपी के निर्देश पर नगर क्षेत्र में चला यातायात जागरूकता अभियान, सुगम यातायात व सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस मुस्तैद
आगामी पावन नवरात्रि पर्व, रामलीला मंचन एवं दशहरा उत्सव के दृष्टिगत जनपद में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सड़कों को जाम से मुक्त रखने तथा श्रद्धालुओं व आम जनमानस की सुविधा हेतु बागेश्वर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र कुमार मेहरा (IPS) के निर्गत आदेश-निर्देशों के अनुपालन में, नगर क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने तथा सड़क किनारे सुगम यातायात संचालन हेतु आज दिनांक-12/10/2026 को प्रभारी यातायात निरीक्षक अय्यूब अली द्वारा नगर के विभिन्न टैक्सी स्टैंडों में एक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। त्योहारों के दौरान बाजारों और रामलीला मैदानों के आस-पास बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के अतिरिक्त दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस टीम द्वारा वाहन चालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।
चालकों से अपील की गई कि वे त्योहारों के व्यस्त समय के दौरान शहर में अनावश्यक रूप से वाहन न लाएं, ताकि जाम की स्थिति पैदा न हो।
सभी चालकों को अपने वाहन केवल निर्धारित टैक्सी स्टैंड और चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस टीम द्वारा चालकों को सख्त लहजे में सचेत किया गया कि किसी भी परिस्थिति में शराब पीकर वाहन न चलाएं। ऐसा करने वालों के खिलाफ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने और जेल भेजने जैसी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बागेश्वर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


