बागेश्वर:जीआईसी भटखोला पहुंची झिरौली पुलिस, विद्यालय परिवार का बढ़ाया मनोबल, सुरक्षा एवं निष्पक्ष कार्रवाई का दिलाया भरोसा
जीआईसी भटखोला पहुंची झिरौली पुलिस, विद्यालय परिवार का बढ़ाया मनोबल, सुरक्षा एवं निष्पक्ष कार्रवाई का दिलाया भरोसा
आज दिनांक 23.07.2026 को थाना झिरौली पुलिस द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, भटखोला का भ्रमण कर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से भेंट की गई। हाल ही में विद्यालय में घटित दुःखद घटना के उपरांत विद्यालय परिवार में व्याप्त असमंजस के वातावरण को देखते हुए पुलिस द्वारा सभी को विश्वास दिलाया गया कि बागेश्वर पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनकी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार का भय या भ्रम मन में न रखने, नियमित रूप से अध्ययन जारी रखने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अफवाह अथवा असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों से भी अपील की गई कि वे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखें तथा विद्यालय का शैक्षणिक एवं अनुशासित वातावरण सामान्य बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर पुलिस द्वारा विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया गया कि संबंधित प्रकरण में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी विवेचना की जा रही है तथा दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
मीडिया सैल
पुलिस कार्यालय
जनपद बागेश्वर

