बागेश्वर:प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काफलीगैर में निःशुल्क स्वस्थ सेवा शिविर का आयोजन, 36 लोगों ने उठाया लाभ

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

काफलीगैर (बागेश्वर), 31 जुलाई 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काफलीगैर में शुक्रवार को निःशुल्क स्वस्थ सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

शिविर में कुल एक स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 36 लोगों ने विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर के दौरान सभी 36 लाभार्थियों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं मुख, स्तन तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। इसके अतिरिक्त 16 लोगों की क्षय रोग (टीबी) की जांच की गई।

महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 4 लाभार्थियों की एनीमिया जांच की गई। प्रयोगशाला सेवाओं में 7 लोगों की हीमोग्लोबिन (एचबी), लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) एवं किडनी फंक्शन टेस्ट (आरएफटी) की जांच की गई, जबकि 2 लोगों का लिपिड प्रोफाइल परीक्षण किया गया।

शिविर में 36 लोगों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में परामर्श एवं स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई। साथ ही 8 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत/पीएम-जय कार्ड बनाए गए तथा एक व्यक्ति का रक्तदान हेतु पंजीकरण किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र काफलीगैर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) नुपुर जोशी एवं डिम्पल मेहता सहित अन्य संबंधित चिकित्साधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर के दौरान लोगों को संतुलित आहार अपनाने, नियमित व्यायाम करने, तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई। साथ ही कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं टीबी जैसी बीमारियों की समय पर जांच और उपचार के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Ad
Ad Ad