बागेश्वर:आयुष्यमान आरोग्य मंदिर चौरा में बीज युक्त राखी वितरण कार्यक्रम आयोजित

बागेश्वर। आगामी रक्षाबंधन पर्व पर पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चौरा में बीज युक्त राखी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी, बागेश्वर के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बीज युक्त राखियों का वितरण किया गया। इन राखियों में औषधीय गुणों से युक्त पौधों के बीज समाहित किए गए हैं। विद्यार्थियों को बताया गया कि रक्षाबंधन पर्व मनाने के पश्चात राखी को मिट्टी में रोपित करने पर उसमें मौजूद बीजों से औषधीय गुणों से युक्त पौधे विकसित होंगे।

इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण, हरित संदेश एवं औषधीय पौधों के संवर्धन से जोड़ना है, ताकि त्योहार मनाने के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे। विद्यार्थियों ने इस अभिनव पहल के प्रति उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, फार्मेसी अधिकारी श्रीमती नीलम खत्री, सेविका श्रीमती दीपा देवी, योग अनुदेशक श्री बाल कृष्ण एवं कुमारी प्रीति फर्स्वाण उपस्थित रहे।
आयुर्वेद विभाग की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में औषधीय पौधों के प्रति रुचि विकसित करने तथा “त्योहार भी, पर्यावरण संरक्षण भी” का सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।


