कपकोट: महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के तेज सिंह रावत बने अध्यक्ष
कपकोट। स्व. चंद्र सिंह शाही राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कपकोट में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। घोषित परिणामों में एनएसयूआई के तेज सिंह रावत ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऊषा को 36 मतों के अंतर से हराया। चुनाव में कुल 358 मतदाताओं में से 310 ने मतदान किया। इस तरह महाविद्यालय में 86.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अध्यक्ष पद के लिए तेज सिंह रावत को 172 मत मिले, जबकि ऊषा को 136 मत प्राप्त हुए। रावत ने 36 मतों के अंतर से जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और विजयी प्रत्याशियों के समर्थन में छात्रों ने खुशी जताई। वही छात्रा उपाध्यक्ष पद पर बीए पंचम सेमेस्टर की चाँदनी विजयी रहीं। उन्होंने 161 मत प्राप्त कर करिश्मा को 32 मतों के अंतर से पराजित किया। करिश्मा को 129 मत मिले।सचिव पद पर सुनीता निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
वहीं संयुक्त सचिव पद पर निशा गड़िया ने 170 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने पूजा को 55 मतों के अंतर से हराया। पूजा को 115 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद करीबी रहा। बबली ने 112 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्हें हेमा से महज दो मत अधिक मिले। हेमा को 110 और भावना कोरंगा को 63 मत प्राप्त हुए।
सांस्कृतिक सचिव पद पर सविता ने 171 मत हासिल कर रेखा को 59 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। रेखा को 112 मत मिले।
कला संकाय प्रतिनिधि पद पर सिमरन आर्या विजयी रहीं। उन्होंने 138 मत प्राप्त कर अंजलि तिरूवा को 24 मतों से हराया। वहीं विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर अंजलि ऐठानी निर्विरोध चुनी गईं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर नेहा गड़िया ने 153 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उन्होंने सपना को 18 मतों के अंतर से पराजित किया। सपना को 135 मत मिले।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया और विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।


