बागेश्वर:विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोडल अधिकारियों के साथ की बैठक, दायित्वों एवं जिम्मेदारियों की दी जानकारी
बागेश्वर,
📌 विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोडल अधिकारियों के साथ की बैठक, दायित्वों एवं जिम्मेदारियों की दी जानकारी
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों एवं निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन से जुड़े समस्त नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को उनके विभागीय दायित्वों एवं निर्वाचन के दौरान निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को भली-भांति समझते हुए अभी से निर्वाचन संबंधी तैयारियां प्रारंभ करें तथा भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था, कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, ईवीएम एवं वीवीपैट की व्यवस्था, परिवहन, सामग्री प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, व्यय निगरानी, मीडिया प्रबंधन, स्वीप गतिविधियों, मतदाता जागरूकता तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेष रूप से मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रभावी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं नियमित संवाद बनाए रखने, निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान करने तथा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियां अंतिम समय में नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित एवं व्यवस्थित तरीके से की जानी चाहिए, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नामित विभिन्न नोडल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

