उत्तराखंड में भूकंप के तेज झटकों से दहशत, यहां था केंद्र
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 10 बजकर 23 मिनट 13 सेकंड पर आए भूकंप के झटके कई जिलों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चमोली जिले के ज्योतिर्मठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण दिशा में बताया गया, जबकि इसकी गहराई करीब 13 किलोमीटर दर्ज की गई।राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.9 रही। चमोली के अलावा रुद्रप्रयाग, पौड़ी और कुमाऊं के कई क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। केंद्र अपेक्षाकृत कम गहराई पर होने के कारण कई इलाकों में झटके तेज महसूस हुए।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बीरोंखाल, थलीसैंण और धुमाकोट क्षेत्र में भी लोगों ने कंपन महसूस किया। वहीं कुमाऊं मंडल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी भूकंप के झटके महसूस किए जाने की सूचना है।
हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। भूकंप के बाद लोगों में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा।


