उत्तराखंड : (दुखद) यहां करंट की चपेट में आए मां बेटी, दोनों की गई जान

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश के खदरी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। सड़क पर टूटी पड़ी विद्युत लाइन की चपेट में आने से मां और मासूम बेटी की मौत हो गई। मृतकों में देवप्रयाग क्षेत्र की भरपूर पट्टी के सौड़ गांव निवासी हरपाल सिंह जेठुड़ी की पत्नी और उनकी छोटी बच्ची शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सड़क पर विद्युत तार टूटा हुआ पड़ा था। इसी दौरान मा बेटी उसकी चपेट में आ गए और करंट लगने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से सौड़ गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर विद्युत तार पड़े रहने को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि विद्युत लाइन में खराबी या तार टूटने की जानकारी पहले से थी, तो उसे समय रहते ठीक क्यों नहीं किया गया और विद्युत आपूर्ति बंद करने के लिए तत्काल कदम क्यों नहीं उठाए गए।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि विद्युत तार किन परिस्थितियों में टूटा और सड़क पर पड़े तार को समय रहते हटाने या बिजली आपूर्ति रोकने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

एसडीएम से वार्ता, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश एसडीएम से वार्ता कर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसडीएम की ओर से मामले में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।
हादसे के बाद क्षेत्र में विद्युत लाइनों की सुरक्षा, नियमित निगरानी और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच जल्द पूरी कर जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad
Ad Ad