उत्तराखंड :यहां एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप
मंगलौर। पुराने गंगनहर पुल के पास मंगलवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 38 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शुरुआती जानकारी में महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके की जानकारी जुटाने के साथ जरूरी साक्ष्य भी सुरक्षित किए।पुलिस के अनुसार मृतका की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर रही है…ताकि हाल में दर्ज महिला गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा सके।इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे संभावित CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला खुद वहां पहुंची थी या किसी व्यक्ति ने उसे वहां लाकर छोड़ा।पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात इसी स्थान पर हुई या महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया।फिलहाल महिला की पहचान और हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।


