हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, चमोली हेलीकॉप्टर हादसे की जांच के आदेश; दोषियों पर होगी कार्रवाई

Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने चमोली में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही अगले वर्ष की यात्रा की तैयारियां भी अभी से शुरू की जाएंगी, ताकि भविष्य में व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा सके।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी बोले मुख्यमंत्री
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन की तैयारी साल के 365 दिन चलती रहती है। सरकार और संगठन दोनों अपने-अपने स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी भी अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

राम माधव के अनुभव का मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह बेहद अनुभवी व्यक्ति हैं। उन्हें राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। आगामी चुनाव में पार्टी को उनके अनुभव का काफी लाभ मिलेगा।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad