लापता अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार की तलाश जल्द से जल्द करने की मांग एस बी आई तिराहे में प्रदर्शन
बागेश्वर। पूर्व नगरपालिका सभासद और अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार की तलाश में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोमवार को एसबीआई तिराहे पर व्यापारियों, स्थानीय लोगों, नेताओं और परिजनों ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बार एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द अधिवक्ता का पता लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने समझाने की कोशिश की।
बागनाथ वार्ड के तल्ली बाजार निवासी धीरेंद्र परिहार 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। इसके बाद से वह लापता हैं। उनकी स्कूटी नुमाइश मैदान में चिल्ड्रेन पार्क के पास लावारिस हालत में मिली थी। मोबाइल की अंतिम लोकेशन नुमाइशखेत के आसपास मिली थी, जिसके बाद से फोन बंद आ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक मां पिछले कई दिनों से अपने बेटे की तलाश में पुलिस और प्रशासन से गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
भाजपा युवा नेता भास्कर दास ने कहा कि यह आक्रोश दलगत राजनीति से ऊपर उठकर है, और इसका सम्मान करना सिस्टम का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। उन्हें धरना स्थल पर आकर जनता को बताना चाहिए कि वे मामले को लेकर कितने गंभीर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जितनी देर होगी, लोगों का आक्रोश उतना ही बढ़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धीरेंद्र की मां लगातार अपने बेटे की तलाश में गुहार लगा रही हैं। ऐसे में पुलिस को मामले की गंभीरता समझते हुए तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अधिवक्ता की तलाश तेज की जाए।
धीरेंद्र की मां नंदी परिहार की शिकायत पर कोतवाली बागेश्वर में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एफआईआर संख्या 79/26 के तहत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। अब स्थानीय लोगों को पुलिस की कार्रवाई और धीरेंद्र की सुरक्षित बरामदगी का इंतजार है।

