उत्तराखंड: पूर्व छात्रा एवं कमिश्नर श्रद्धा जोशी ने छात्राओं को दिखाया सफलता का मार्ग
पूर्व छात्रा एवं कमिश्नर श्रद्धा जोशी ने छात्राओं को दिखाया सफलता का मार्ग।
अल्मोड़ा-पीएम श्री राजा आनंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं वर्तमान में मुंबई में कमिश्नर कस्टम्स के पद पर कार्यरत श्रीमती श्रद्धा जोशी शर्मा जी का गरिमामय आगमन हुआ।विद्यालय परिवार द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।श्रीमती जोशी ने छात्राओं से संवाद करते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए और उन्हें बड़े सपने देखने,लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिश्रम,अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सादा जीवन और उच्च विचारों से जीवन में आप जो चाहें प्राप्त कर सकते हैं।बड़े सपने देखना आवश्यक है।उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से छात्राएं उत्साहित एवं अभिभूत नजर आईं।उन्होंने विद्यालय के दिनों को याद करते हुए बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए । एक पूर्व छात्रा को प्रशासनिक सेवा के उच्च पद पर देखकर छात्राओं में विशेष उत्साह और गर्व की भावना दिखाई दी।इस अवसर पर श्रद्धा जी के माता पिता भी उनके साथ उपस्थित रहे।उनके पिता प्रोफेसर जी० सी० जोशी जी सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय से वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष के पद से तथा माता जी श्रीमती लीला जोशी आर्य कन्या इंटर कॉलेज से सेवानिवृत हैं।इस अवसर पर कई अभिभावक बी०एड० प्रशिक्षु तथा छात्राएं और सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं । विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विजया पंत एवं विद्यालय परिवार ने श्रीमती श्रद्धा जोशी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उनका विद्यालय आगमन छात्राओं के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी अवसर बन गया।


