कैंची धाम वीकेंड पर इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन, टैक्सी और बाइक पर रोक
नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान 28 और 29 नवंबर 2026 को लागू रहेगा। इस दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े किए जाएंगे। यहां से श्रद्धालु और पर्यटक स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
वहीं ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में पार्क करना होगा। यहां से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसमें पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी शामिल हैं।
नैनीताल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करें। इससे अनावश्यक जाम से बचने के साथ ही यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।


