देहरादून : लिपिक और कनिष्ठ सहायक भर्ती की लिखित परीक्षा स्थगित
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने लिपिक एवं कनिष्ठ सहायक कैडर की भर्ती के लिए प्रस्तावित लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 15 नवंबर को आयोजित होनी थी। आयोग के सचिव एमएस डुंगरियाल ने परीक्षा स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में रिक्त कंप्यूटर सहायक, प्रवर सहायक, वरिष्ठ सहायक, निबंधन लिपिक, कनिष्ठ सहायक समेत अन्य पदों पर कुल 553 नियुक्तियां की जानी हैं।
15 पदों की परीक्षा को लेकर हाईकोर्ट में मामला
बताया जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल 15 रिक्त पदों को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। कुछ अभ्यर्थियों ने लोकोमोटर दिव्यांगता के तहत स्पाइनल डिफॉर्मिटी और स्पाइन इंजरी को लेकर आपत्ति जताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने फिलहाल लिखित परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया है। आयोग की ओर से आगे की परीक्षा तिथि को लेकर अलग से जानकारी जारी की जाएगी।
परीक्षा स्थगित होने से लंबे समय से भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा। अब सभी की निगाहें आयोग के अगले आदेश और नई परीक्षा तिथि पर टिकी हैं।

