बागेश्वर:नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश, एनकॉर्ड समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने की कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा
बागेश्वर,
📌 नशे के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश, एनकॉर्ड समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने की कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान तथा संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने अवगत कराया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं सीएचसी कपकोट सहित इस माह 7 निरीक्षण किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कांडा क्षेत्र में भी नियमित रूप से निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन एवं संबंधित व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए तथा शराब की दुकानों एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और समय-समय पर निरीक्षण किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्धारित निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पी.सी. जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


