उत्तराखंड: कुमाऊं की इस विधानसभा में विधायक बनने की होड़, BJP के 12 नेताओं ने ठोकी दावेदारी

Ad
ख़बर शेयर करें

भीमताल। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भीमताल विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर सियासी हलचल तेज होने लगी है। वर्तमान विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की सीट पर अपनी दावेदारी पेश करने के लिए भाजपा के 12 नेताओं ने टिकट की मांग उठाई है। संगठन की ओर से भेजे गए प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वर्तमान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने भीमताल पहुंचकर संभावित दावेदारों की नब्ज टटोली। इस दौरान एक के बाद एक 12 नेताओं ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपनी दावेदारी पेश की।
भीमताल सीट पर सबसे चर्चित दावेदारों में वरिष्ठ पत्रकार, भाजपा के युवा नेता एवं धामी सरकार में दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला का नाम शामिल रहा। उन्होंने मजबूती के साथ अपनी दावेदारी रखते हुए कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो भीमताल में ऐतिहासिक जीत दर्ज की जाएगी। वहीं, भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ पार्टी नेत्री खीमा शर्मा ने भी टिकट की मांग करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।इसके अलावा भीमताल के ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री एवं महिला नेत्री भावना मेहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान में दर्जा राज्य मंत्री देवेंद्र ढैला ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। पूर्व मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने भी अपनी दावेदारी रखी। वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज साह और नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने भी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की।भीमताल के हिंदूवादी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने भी चुनावी मैदान में उतरने की इच्छा जताई। इसके साथ ही पूर्व जिला मंत्री एवं पूर्व सैनिक कुंदन चिलवाल तथा पूर्व जिला मंत्री और संघ के स्वयंसेवक दिनेश सांगुड़ी ने भी टिकट के लिए अपना दावा पेश किया।

गौरतलब है कि भीमताल विधानसभा सीट से वर्तमान में राम सिंह कैड़ा विधायक हैं और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में मौजूदा विधायक होने के नाते कैड़ा स्वाभाविक रूप से टिकट के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, पार्टी के भीतर एक साथ 12 नेताओं की दावेदारी सामने आने से भीमताल की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा संगठन आगामी विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक राम सिंह कैड़ा पर ही भरोसा जताता है या फिर इन दावेदारों में से किसी नए चेहरे को मौका देता है। फिलहाल भीमताल सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर मुकाबला दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad