बागेश्वर:जिलाधिकारी ने एनआरएलएम एवं रीप की समीक्षा बैठक ली, महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका संवर्धन पर दिया जोर
बागेश्वर
📌 जिलाधिकारी ने एनआरएलएम एवं रीप की समीक्षा बैठक ली, महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका संवर्धन पर दिया जोर
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार, उद्यम स्थापना एवं उत्पादों के विपणन की प्रगति की जानकारी लेते हुए समूहों की आय बढ़ाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की बैलेंसशीट एवं गतिविधियों का विवरण साझा करने तथा बेहतर कार्य करने वाली 10 महिलाओं को चिन्हित कर एक्सपोजर विजिट कराने को कहा।
उन्होंने रीप को चार सीएलएफ में पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य देने और समूह की सदस्यों को वित्तीय साक्षरता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को बचत, बैंकिंग, ऋण प्रबंधन एवं विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने पर जोर दिया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं विपणन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या ने बताया समूहों को आर्थिक आधार पर सशक्त बनाने के लिए ग्रोथ सेंटर, सरस केंद्र, सरस मेले के माध्यम से लोकल उत्पादों का विपणन का कार्य किया जा रहा है। बताया कि जनपद में अब तक 12 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं तथा 3,285 स्वयं सहायता समूहों एवं 26 क्लस्टर लेवल फेडरेशन का गठन किया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित भेषज समन्वयक ताहिर हुसैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


