पहाड़ी नमक पीसते और दही मथते दिखे सीएम, चमोली को 149.77 करोड़ की दी सौगात
चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान सीएम धामी ने रोड शो भी किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से भी जुड़े नजर आए। उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा यानी हाथ की चक्की से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं। पहाड़ की महिलाएं परिवार संभालने के साथ खेती, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने चिपको आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए इस ऐतिहासिक आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से महिलाओं को लाभ मिला है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं सहकारी समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। समान नागरिक संहिता लागू करना भी महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने तक सहायता देने का प्रयास कर रही है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा पास करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को अलग-अलग योजनाओं के जरिए तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर महीने में जारी की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति अभियान में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मान दिया गया।
इसके अलावा मौन पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया।
कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मान मिला। खेल क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए निशा और स्वाति बड़वाल को सम्मानित किया गया। वहीं लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान दिया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक बांटे। मिलेट्स उत्पादन में अच्छा काम करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार भी दिया गया।
मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने तीन सड़कों के निर्माण और सुधारीकरण की घोषणा भी की।
इनमें हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भी सम्मेलन में भाग लिया।


