उत्तराखंड : कुमाऊं में यहां 24 घंटे में पुलिस ने खोज निकाला तीनों लापता बच्चों को
भीमताल। नैनीताल जिले की भीमताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए गए तीन नाबालिग बालकों को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बालकों को ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर से बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और नैनीताल पुलिस का आभार जताया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को गोरखपुर, भीमताल निवासी दिनेश सिंह थापा ने कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अपने दो दोस्तों के साथ बिना बताए घर से कहीं चला गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 48/26 के तहत धारा 140(3) बीएनएस में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
तीन नाबालिगों के लापता होने की सूचना पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को बच्चों की शीघ्र तलाश कर सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी क्राइम/ट्रैफिक जगदीश चन्द्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भवाली विनय सिंह कुँवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भीमताल राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश के लिए लगातार सुरागरसी-पतारसी की। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 17 नवंबर 2026 को तीनों नाबालिगों को काशीपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया।आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महज 24 घंटे के भीतर बच्चों के सकुशल घर लौटने से परिवारों ने राहत महसूस की। परिजनों ने भीमताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय प्रयासों की सराहना की।
यह रही पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह राणा, कांस्टेबल राहुल सिंह राणा और कांस्टेबल मनोज पंत शामिल रहे।


