बागेश्वर:जिलाधिकारी ने ली एनकॉर्ड की बैठक, नशे के विरुद्ध अभियान में तेजी लाने के निर्देश, अवैध तस्करी पर होगी सख्त कार्रवाई।
बागेश्वर
📌जिलाधिकारी ने ली एनकॉर्ड की बैठक, नशे के विरुद्ध अभियान में तेजी लाने के निर्देश, अवैध तस्करी पर होगी सख्त कार्रवाई।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में एनकॉर्ड (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की निगरानी, भांग एवं पोस्त की अवैध खेती की रोकथाम तथा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद को नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं आबकारी विभाग को नियमित रूप से संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर शराब की अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही अन्य संबंधित विभागों को मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अवैध खेती एवं तस्करी पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने को कहा। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 250 से अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में खेल सुविधाओं के विकास हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि जून माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत 06 अभियोग पंजीकृत किए गए, जिनमें 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 12.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोटपा (धूम्रपान निषेध) अधिनियम के अंतर्गत 35 व्यक्तियों के चालान किए गए। वहीं 08 नाली में की गई अवैध भांग की खेती को भी नष्ट किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

