CM धामी ने जौलजीबी मेले का किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को दी 102.72 करोड़ की सौगात; 24 योजनाओं का शिलान्यास
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 24 विकास योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा संस्कृति, आपसी सौहार्द और पुराने व्यापारिक रिश्तों का प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम कर रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भी इस मेले की खास भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से ही जुड़ाव रहा है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को उन्होंने करीब से देखा है। ऐसे मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के जरिए युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के विकास को नई गति दी जा रही है। सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें पिथौरागढ़ में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नया राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) भी शामिल है। इसके अलावा 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, खोतिला और घाटधार क्षेत्र में 36.10 करोड़ रुपये की बाढ़ सुरक्षा योजना तथा रामगंगा नदी पर 8.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मोटर पुल प्रमुख हैं।
इनके साथ ही सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। वहीं, कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग और हिमालय दर्शन शेड से जुड़े कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों ने भाग लिया। इसके साथ ही पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और विकास प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी ली।कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, धारचूला विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


