बागेश्वर:ऑटोमोटिव ट्रेड के छात्र-छात्राओं का राजकीय पॉलीटेक्निक गरुड़ में शैक्षिक भ्रमण
बागेश्वर, 06 नवम्बर 2026। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर के कक्षा 9, 10, 11 व 12 में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत ऑटोमोटिव ट्रेड में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण राजकीय पॉलीटेक्निक, गरुड़ में कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को संस्था में स्थित विभिन्न लैबों जैसे मैकेनिकल लैब, सिविल लैब, भौतिकी तथा रसायन लैब, कंप्यूटर लैब, कार्यशाला तथा संस्था के पुस्तकालय आदि का भ्रमण कराया गया। लैबों से संबंधित मशीनों की जानकारी दी गई।
मैकेनिकल तथा सिविल लैब में बनाए गए प्रोजेक्ट के बारे में भी छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही रोबोटिक्स, मशीनरी, आर्किटेक्चर आदि के बारे में भी जानकारी दी गई।
पॉलीटेक्निक में प्रवेश प्रक्रिया और प्लेसमेंट से संबंधित जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी गई, जिससे उन्हें भविष्य में तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों के बारे में समझ विकसित हुई।
पॉलीटेक्निक गरुड़ के प्राचार्य श्री पवन कुमार, मैकेनिकल के व्याख्याता श्री संजय चमियाल तथा सिविल विभाग के व्याख्याता श्री मानवेंद्र बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न लैबों और वर्कशॉप की विस्तृत जानकारी दी तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।
भ्रमण दल में ऑटोमोटिव ट्रेड के प्रशिक्षक श्री तुलसीराम, प्रवक्ता श्री गोविंद प्रकाश, बी.एड. प्रशिक्षु सुश्री कोमल वर्मा तथा श्री कमल किशोर आर्य साथ में थे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीप चन्द्र जोशी ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्राप्त होता है। इससे उनमें आत्मनिर्भरता, रोजगारपरक कौशल और तकनीकी क्षेत्र में रुचि विकसित होती है।

