बागेश्वर:ई-वेस्ट प्रबंधन को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
बागेश्वर, 28 अक्टूबर2026। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में बुधवार को ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रवक्ता संजय कुमार टम्टा ने छात्र-छात्राओं को ई-वेस्ट के प्रकार, उससे होने वाले दुष्प्रभावों तथा उसके उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, टेलीविजन, प्रिंटर, बैटरी, चार्जर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने या उपयोग के योग्य न रहने पर ई-वेस्ट की श्रेणी में आते हैं। वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है, जिससे ई-वेस्ट की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे में सीसा, पारा और कैडमियम जैसी हानिकारक धातुएं तथा अन्य विषैले पदार्थ हो सकते हैं। इनके अनुचित निस्तारण से मृदा, जल और वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिसका मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट में तांबा, एल्युमिनियम, सोना सहित कई उपयोगी पदार्थ भी मौजूद होते हैं, जिन्हें पुनर्चक्रण के माध्यम से दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इसलिए ई-वेस्ट प्रबंधन केवल कचरे के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से भी जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
संजय कुमार टम्टा ने विद्यार्थियों को ई-वेस्ट कम करने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सोच-समझकर खरीदारी करने, खराब उपकरणों की मरम्मत कर उनका पुनः उपयोग करने तथा अनुपयोगी उपकरणों को निर्धारित संग्रहण केंद्रों पर जमा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे को खुले में नहीं जलाना चाहिए और इसके दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने इस दिशा में सरकार के साथ-साथ नागरिकों, विद्यालयों, उद्योगों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद विद्यालय में ई-वेस्ट प्रबंधन विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों योगिता उप्रेती, आदित्य कुमार, सार्थक बिष्ट, अंजलि मेर और नेहा पाण्डेय को विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपचंद जोशी ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने ई-वेस्ट के प्रति जागरूकता फैलाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में राजेश कुमार, सुरेश राम, राजेंद्र प्रसाद, जितेंद्र वर्मा, ए.आर. पाल, दिनेश कुमार जौहरी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। ।
दीपचंद जोशी प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर

