उत्तराखंड: पेंशन हड़पने के लिए बनाई फर्जी डिग्री, प्रिंसिपल गिरफ्तार
रुड़की: मृतक आश्रित कोटे में नौकरी और पेंशन का लाभ लेने के लिए फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी के संचालक रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कॉलेज के अभिलेखों में हेराफेरी कर फर्जी अंकतालिकाएं और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) तैयार किए गए थे।
मामले के अनुसार, 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने संदीप कुमार और सपना देवी के खिलाफ रुड़की कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि दोनों ने कूटरचित शैक्षिक दस्तावेजों के माध्यम से मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने की कोशिश की थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज, माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, लेकिन दोनों असफल रहे थे। इसके बावजूद नौकरी और पेंशन का लाभ लेने के लिए फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार किए गए।
जांच के दौरान संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की नौवीं कक्षा की अंकतालिका संदिग्ध पाई गई। यह अंकतालिका शिव बाबा इंटर कॉलेज से जारी दिखाई गई थी, जबकि जांच में पता चला कि तत्कालीन प्रधानाचार्य प्रदीप की 4 मई 2012 को ही मृत्यु हो चुकी थी। ऐसे में उनकी ओर से अंकतालिका जारी किए जाने पर सवाल खड़े हो गए।
विवेचना में यह भी सामने आया कि पूर्व प्रधानाचार्य की मृत्यु के बाद रविंद्र कुमार विद्यालय का संचालन कर रहा था। आरोप है कि उसने कॉलेज के अभिलेखों में छेड़छाड़ कर फर्जी टीसी और अंकतालिकाएं तैयार कीं। दूसरे छात्रों की अंकतालिकाओं पर फोटो लगाकर नाम बदलने और फर्जी शैक्षिक दस्तावेज बनाने की बात भी जांच में सामने आई।
रुड़की कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में आरोपी रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


