कैंची धाम जाने वालों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, 6 से 8 नवंबर तक बदले रहेंगे रूट

Ad
ख़बर शेयर करें

नैनीताल। धनतेरस और वीकेंड के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात का विशेष प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इस दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी…जबकि बसों और चौपहिया वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

पुलिस ने कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी तय किए हैं। भीमताल की ओर से आने वाले लोगों को विकास भवन पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। वहीं ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। दोनों स्थानों से कैंची धाम तक पहुंचने के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
यातायात प्लान के तहत सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं यसुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए जाएंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से इन पहाड़ी इलाकों की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से जा सकेंगे।

भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग और शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।इसके अलावा वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी इस रोक के दायरे में आएंगे।

नैनीताल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। निजी वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और कैंची धाम पहुंचने के लिए शटल सेवा का इस्तेमाल करें…ताकि जाम और अन्य परेशानियों से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad