देहरादून: भीषण सड़क हादसा: कार पर पलटा कंटेनर, चार लोगों की दर्दनाक मौत

Ad
ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर से देहरादून आ रही कार पर प्लास्टिक दाने से भरा एक भारी-भरकम कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार मोहब्बेवाला चौक से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा करीब 20 टायरों वाला प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर रॉन्ग साइड पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गया और कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए कार सवार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद कटर की मदद से कार की छत काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार अन्य लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विशेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। विशेष कपूर सहारनपुर के एक कारोबारी परिवार से थे।

बताया जा रहा है कि परिवार देहरादून में रहने वाले अपने परिचितों से मिलने आ रहा था। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सहारनपुर में भी शोक की लहर है।
ब्रेक फेल होने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती जांच में पुलिस ने कंटेनर के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है। बताया गया कि कंटेनर काफी दूर से तेज रफ्तार में आ रहा था और रॉन्ग साइड पार करते समय अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
पुलिस ने कंटेनर चालक और परिचालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मोहब्बेवाला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad