बागेश्वर:लोकतंत्र की पाठशाला पहुंची गांव-गांव, ईवीएम-वीवीपैट से रूबरू होंगे मतदाता

Ad
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

📌 लोकतंत्र की पाठशाला पहुंची गांव-गांव, ईवीएम-वीवीपैट से रूबरू होंगे मतदाता

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने, ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है।

अपर जिलाधिकारी रविंद्र सिंह बिष्ट ने जनपद के सभी मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का जागरूक होना और मतदान प्रक्रिया को समझना आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से इस अभियान के माध्यम से ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को करीब से जानने का आग्रह किया।

अभियान के तहत ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन के लिए 41 बैलेट यूनिट, 41 कंट्रोल यूनिट तथा 41 वीवीपैट मशीनें निकाली गई हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इन मशीनों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है। साथ ही, निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार इन्हें अलग वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।

मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद की दोनों विधानसभा क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों, मोहल्लों एवं वार्डों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन भी रवाना की गई हैं। इन वैन के माध्यम से आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन कर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

जनपद में इस अभियान की शुरुआत 18 नवंबर से हो चुकी है। यह जागरूकता कार्यक्रम चुनाव कार्यक्रम की घोषणा तक भौतिक रूप से संचालित किया जाएगा। इसके बाद डिजिटल माध्यमों से मतदाता जागरूकता गतिविधियां जारी रहेंगी। अभियान की प्रगति एवं प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए जिला स्तर से साप्ताहिक एवं पाक्षिक आधार पर मॉकपोल और प्रतिभागियों की संख्या संबंधी रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाएगी।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad