बागेश्वर:सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को मिला चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण
बागेश्वर,
📌 सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को मिला चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण
📌 दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच के साथ जनजागरूकता पर भी जोर
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण एवं राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद बागेश्वर में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सा जांच, आवश्यक परामर्श, औषधि वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) जलमानी, विकासखंड कपकोट में स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वहीं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सैंज के तत्वावधान में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पासदेव, काफलीगैर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 48 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
चिकित्सा दल द्वारा ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस दौरान दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार एवं स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए बदलते मौसम के अनुरूप खानपान और दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में डॉ. महेंद्र सिंह नेगी, फार्मेसी अधिकारी अजीत सिंह एवं सेवक रामपाल सिंह उपस्थित रहे। चिकित्सा दल द्वारा लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें उचित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ये शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने, समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे प्रयासों के माध्यम से जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।


