उत्तराखंड हिमाचल से दोगुने बजट वाला हुआ, अमित शाह के सामने मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं उपलब्धियां
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विकास यात्रा और सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुआ था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को मिले राष्ट्रपति पुलिस कलर को पूरे प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि बताया।सीएम धामी ने राज्य की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तराखंड की सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग 2.74 लाख रुपये हो गई है, जबकि आर्थिक विकास दर करीब 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट भी लगातार बढ़ा है। उत्तराखंड का बजट करीब 1.11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है…जबकि हिमाचल प्रदेश का बजट लगभग 54 हजार करोड़ रुपये है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ-साथ उत्तराखंड सामाजिक और पर्यावरणीय क्षेत्रों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) सूचकांक में प्रदेश को पहला स्थान मिला है। इसके अलावा खनन क्षेत्र में सुधारों के लिए राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। मत्स्य पालन, पर्यटन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर लगातार काम हो रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ उद्योगों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाना है।
सीएम धामी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि प्रदेश की शांति और विकास में बाधा डालने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से राज्य की एकता, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की। समारोह में अमित शाह की मौजूदगी को राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया।

