देहरादून में अमित शाह ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा? कांग्रेस पर भी साधा निशाना, पढ़िए पूरा संबोधन
देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके लिए पार्टी ने 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। शाह ने कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा पर सवाल उठाते हुए इसे घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताया।शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में अमित शाह ने भारत माता के जयकारों के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। शाह ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने भाजपा को दो बार मौका दिया है और अब प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
अमित शाह ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के लिए यहां की जनता ने लंबा संघर्ष किया। रामपुर तिराहा सहित कई स्थानों पर हुए आंदोलन और लोगों के बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य बनाने का सपना साकार किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बनाने में भाजपा की अहम भूमिका रही है। अटल जी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे संवारने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। शाह ने विश्वास जताया कि 2047 तक उत्तराखंड देश के विकसित राज्यों में अग्रणी होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके उत्तराखंड आने-जाने से भाजपा के काम पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हजारों कार्यकर्ता प्रदेश की जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं।
शाह ने कांग्रेस पर उत्तराखंड के गठन का विरोध करने और राज्य के विकास को पीछे रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पहाड़ से पलायन बढ़ा और पहाड़ का पानी व जवानी यहां के काम नहीं आ सकी। भाजपा सरकार ने इन चुनौतियों से निपटने के लिए काम किया है।
अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए समान नागरिक संहिता (UCC) को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने यूसीसी को लागू किया। उन्होंने कहा कि अब दूसरे राज्य भी इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और भाजपा शासित राज्यों में भी इसे लागू करने की तैयारी है।
शाह ने तीन तलाक, हलाला, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सीमावर्ती इलाकों में सड़क निर्माण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। अब केंद्र सरकार ने इन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा को मजबूत किया गया है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि भारत की ओर आंख उठाने वालों को कड़ा जवाब दिया गया है।
अमित शाह ने भाजपा के पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से इस बार और मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 46 प्रतिशत वोट के साथ 57 सीटें मिली थीं। वहीं 2022 के चुनाव में 44 प्रतिशत वोट के साथ पार्टी ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
उन्होंने कहा कि अब पार्टी को 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है। शाह ने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी पार्टी की हैट्रिक होगी।
उन्होंने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही कहा कि भाजपा सीमांत राज्य को सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

